झुंझुनूं: राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा (Deputy CM Premchand Bairwa) शनिवार सुबह एक बड़े सड़क हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी में घाट सेक्शन से गुजरते समय उनके सुरक्षा काफिले में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित निजी कार जा घुसी। गनीमत रही कि इस जबरदस्त भिड़ंत में डिप्टी सीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं, हालांकि काफिले की एक एस्कॉर्ट गाड़ी और टक्कर मारने वाली निजी कार क्षतिग्रस्त हो गई है।
कैसे हुआ हादसा? (How the accident happened)
जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा का काफिला शनिवार सुबह जयपुर से झुंझुनूं की ओर जा रहा था। काफिला जब उदयपुरवाटी के घुमावदार और संवेदनशील माने जाने वाले घाट सेक्शन से गुजर रहा था, तभी सामने से आ रही एक निजी गाड़ी ने नियंत्रण खो दिया और वह सीधे काफिले में चल रहे सुरक्षा वाहन (एस्कॉर्ट गाड़ी) से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
बड़ी खबर: भाजपा नेता की थी टकराने वाली कार
इस हादसे में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, काफिले के एस्कॉर्ट वाहन से टकराने वाली निजी कार किसी और की नहीं, बल्कि एक भाजपा नेता की ही थी। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता जेपी खटाना (JP Khatana) अपनी कार लेकर अचानक काफिले के बीच में घुसने का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ।
डिप्टी सीएम पूरी तरह सुरक्षित
हादसे के वक्त डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा का मुख्य वाहन सुरक्षित रूप से आगे निकल चुका था, जिससे वे बाल-बाल बच गए। हादसे की सूचना मिलते ही जयपुर से झुंझुनूं तक प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत डिप्टी सीएम की गाड़ी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। प्रारंभिक जांच के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली कि उपमुख्यमंत्री को खरोंच तक नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
