जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी के तेवरों के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। उत्तर भारत में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। शनिवार रात जयपुर, बीकानेर और झुंझुनूं में हुई बूंदाबांदी और खैरथल-तिजारा में गिरे ओलों ने पारे में गिरावट दर्ज कराई है, जिससे रात के तापमान में 2-3 डिग्री की कमी आई है।
18 मार्च से शुरू होगा बारिश का दौर: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, 18 मार्च से एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है।
- 18 मार्च: जोधपुर और बीकानेर संभाग के जिलों (बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, हनुमानगढ़ आदि) में 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और मेघगर्जन के साथ बारिश व ओलावृष्टि हो सकती है।
- 19-20 मार्च: विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहेगा। जयपुर, अजमेर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के 37 जिलों में तेज आंधी (40-50 Kmph) और हल्की से मध्यम बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
अगले दो दिन का हाल: 16 और 17 मार्च को पश्चिमी मैदानी इलाकों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और सतही गर्म हवाएं चलने से दिन के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, उत्तर-पूर्वी इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 18 मार्च से शुरू होने वाला यह दौर 21 मार्च तक चलने की संभावना है, जिससे पूरे प्रदेश में गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
