अलवर: अलवर जिले के नौगांवा कस्बे में शनिवार रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। मोबाइल चार्जिंग पॉइंट के पास रखी पेट्रोल की बोतल में अचानक ब्लास्ट होने से एक 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के समय युवक मोबाइल चार्जिंग पर लगाकर खाना खा रहा था और साथ ही फोन का इस्तेमाल भी कर रहा था। गंभीर हालत में युवक को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की भयावहता: 40 फीसदी जला शरीर
हादसे का शिकार हुआ पंकज जाटव (22) नौगांवा का निवासी है और कपड़े की दुकान चलाता है। अस्पताल के डॉ. रविंद्र चौधरी ने बताया कि पंकज की छाती, गर्दन और शरीर का ऊपरी हिस्सा करीब 40 प्रतिशत झुलस गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और बर्न वार्ड में उसका उपचार जारी है।
कैसे हुआ धमाका?
पंकज की मां ललिता ने बताया कि पंकज अपने दोस्त को देने के लिए बोतल में पेट्रोल भरकर लाया था। उसने अनजाने में उस बोतल को कमरे में बिजली के चार्जिंग पॉइंट के पास ही रख दिया। रात करीब 9 बजे पंकज ने अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगाया और उसे चलाते हुए खाना खाने लगा। इसी दौरान चार्जिंग पॉइंट में हल्की स्पार्किंग हुई, जिसने पास रखी पेट्रोल की बोतल को बम की तरह उड़ा दिया।
एक्सपर्ट की राय: ‘लीकेज और चिंगारी का मेल’
अलवर पॉलिटेक्निक कॉलेज के इलेक्ट्रिकल एचओडी राजवीर सिंह ने इस घटना पर तकनीकी विश्लेषण देते हुए बताया कि पेट्रोल बेहद ज्वलनशील होता है। अगर बोतल का ढक्कन ढीला हो या हल्का लीकेज हो, तो पेट्रोल उड़कर हवा में फैल जाता है। चार्जिंग के दौरान फ्लो होने वाला करंट और स्पार्किंग जैसे ही इस पेट्रोल वाष्प के संपर्क में आए, धमाका हो गया। उन्होंने सख्त हिदायत दी है कि लोगों को पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ घर के अंदर या बिजली के उपकरणों के पास बिल्कुल नहीं रखने चाहिए।
सावधानी ही बचाव है:
- चार्जिंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल करने से बचें।
- बिजली के बोर्ड या चार्जिंग पॉइंट के पास कोई भी तरल या ज्वलनशील पदार्थ न रखें।
- घर में खुले में पेट्रोल रखना कानूनी रूप से भी गलत और जानलेवा है।
